संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर में जलशक्ति विभाग के सीवरेज चैंबर ओवरफ्लो होने से शौचालयों की गंदगी खड्डों में जा रही है, जिससे क्षेत्र में पीलिया फैलने का खतरा बढ़ गया है। सीवरेज चैंबरों में बार-बार निकासी बाधित होने के कारण जल प्रदूषण की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। प्लास्टिकयुक्त कचरे के खड्डों और नालों में जमा होने से जलस्रोत दूषित हो रहे हैं, जिसका सीधा असर पेयजल योजनाओं पर पड़ रहा है। मच्छयाल स्थित रणा खड्ड और गुगली खड्ड में भी गंदगी बहकर मिल रही है। इस समस्या को लेकर लोगों ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में शिकायत भी सौंपी है। स्थानीय लोगों प्रदीप कुमार, समीर और विमल ने बताया कि शवों के अंतिम संस्कार के बाद अस्थियों का विसर्जन भी इन खड्डों में किया जा रहा है, जिससे प्रदूषण और बढ़ रहा है।
खड्डों में बढ़ता कचरा अब गंभीर स्वास्थ्य समस्या का रूप लेता जा रहा है। इसके समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ-साथ आम लोगों को भी ठोस कदम उठाने होंगे। इस बीच, शहरी क्षेत्र की गुगली खड्ड में गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई और निगरानी के लिए नगर परिषद के कर्मचारियों को निर्देश जारी किए जा रहे हैं। नगर परिषद जोगिंद्रनगर के तहसीलदार एवं कार्यकारी अधिकारी रजत सेठी ने कहा कि गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और निगरानी बढ़ाई जा रही है। वहीं, जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता प्रदीप राठौर ने बताया कि विभाग के अधीन आने वाली जिन खड्डों से पेयजल आपूर्ति होती है, उनकी स्वच्छता को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सीवरेज चैंबर ओवरफ्लो की फील्ड रिपोर्ट मंगवा ली गई है और जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।