जोगिंद्रनगर (मंडी)। तुलाह पंचायत में 13 वर्ष से निर्माणाधीन थर्ड ऊहल प्रोजेक्ट का कार्य लंबे अरसे से धीमी गति से चल रहा है। 100 मेगावाट के 1381 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे इस प्रोजेक्ट से 19 पंचायतें प्रभावित हुई हैं। इस प्रोजेक्ट का 90 फीसदी कार्य किया जा चुका है।
महज 10 फीसदी कार्य गत कई वर्षों से नहीं हो पा रहा है। दो कंपनियां इस प्रोजेक्ट के कार्य को छोड़ कर जा चुकी हैं। जिससे लंबे अरसे से इसका कार्य पूरा नहीं हो पा रहा है। ब्यास वैली पावर कारपोरेशन इस कार्य में जुटी है। वर्ष 2003 में इस प्रोजेक्ट का कार्य शुरू किया गया था। वर्ष 2008 और 2010 में निर्माण कार्य कर रही दो कंपनियां बीच में निर्माण कार्य छोड़ कर भाग गईं। इसके बाद पावर कारपोरेशन ने तीसरी कंपनी को यह कार्य अलॉट किया। यह कंपनी पांच वर्ष से प्रोजेक्ट के निर्माण में जुटी है। लेकिन, प्रोजेक्ट के टनल का कार्य बहुत ही धीमी गति से चल रहा है। कंपनी अधिकारियों का तर्क है कि टनल के निर्माण में पहाड़ी में पानी की अधिक मात्रा आड़े आ रही है।
बाक्स........
लोगों ने निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग उठाई
थर्ड ऊहल प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग के सिलसिले में क्षेत्र का एक प्रतिनिधिमंडल जन विकास सभा के अध्यक्ष राजेंद्र चौहान की अध्यक्षता में तपोवन में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और मंत्री सुजान सिंह पठानिया से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को मांगपत्र सौंप कर प्रोजेक्ट का निर्माण कर रही ब्यास वैली पावर कारपोरेशन को कार्य में तेजी लाने के निर्देश देने की मांग उठाई है। प्रतिनिधिमंडल में राजेंद्र सिंह चौहान, अध्यक्ष जोगिंद्रनगर जन विकास सभा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ब्लाक कांग्रेस कमेटी जोगिंद्रनगर बिमला चौहान, युवक मंडल सिमस के अध्यक्ष विवेक जसवाल, सुरेंद्र सोनी, अमन शर्मा, एसके शर्मा, सुरेंद्र कुमार, ज्योति प्रकाश, प्यार चंद, दूनी चंद, गुलशन, पूर्वी राम आदि शामिल रहे।
कोट्......
ब्यास वैली पावर कारपोरेशन के एमडी एसएस चौहान ने कहा कि प्रोजेक्ट का 90 फीसदी कार्य पूरा कर लिया गया है। महज दस फीसदी कार्य बचा है। टनल के कार्य में देरी हो रही है। टनल के निर्माण के दौरान पानी की अधिक मात्रा से निर्माण कार्य में देरी हो रही है। जल्द ही प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।