बार-बार आपूर्ति बाधित होने से अस्पताल, बैंक, स्कूल और कारोबार ठप स्थायी समाधान की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
संधोल (मंडी)। उपमंडल संधोल में पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। बार-बार बिजली की आवाजाही से स्थानीय निवासी परेशान हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने से अस्पतालों, बैंकों, स्कूल-कॉलेजों, लोकमित्र केंद्रों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दूरदराज से विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले लोग भी बिना काम पूरा किए वापस लौटने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था आज भी कांगड़ा से आने वाली एकमात्र लाइन पर निर्भर है। करीब दो दशक पहले 33 केवी सब स्टेशन स्थापित होने के बावजूद बिजली आपूर्ति वैकल्पिक व्यवस्था के अभाव में निर्भर बनी हुई है। सिंगल फीडर प्रणाली के कारण रखरखाव या फॉल्ट आने पर पूरे क्षेत्र में बिजली बंद हो जाती है।
पहले मढ़ी और कुजाबल्ह से वैकल्पिक लाइनें थीं, लेकिन रखरखाव के अभाव में वे भी बंद हो गईं। इसके अलावा विभाग में कर्मचारियों की कमी भी समस्या को बढ़ा रही है। करीब 10 हजार उपभोक्ताओं और 44 ट्रांसफार्मरों के लिए केवल कुछ ही कर्मी कार्यरत हैं।
विद्युत बोर्ड संधोल के सहायक अभियंता विपन कुमार ने बताया कि खराब मौसम और तूफान के कारण तारें टूटने से आपूर्ति बाधित हुई, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो रही है। लोगों ने स्थायी समाधान की मांग की है।