भांबला/सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट उपमंडल की खल्याणा-समैला वाया बच्छवान-अल्सोगी सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। इससे सड़क अब नाला बन गई है। सड़क से प्रतिदिन लगभग 800-900 ग्रामीणों की आवाजाही होती है। पांच साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं हो पाई है।
मार्ग पर एचआरटीसी की बस भी चलती है। ऐसे में कभी भी हादसा हो सकता है। युवा शक्ति युवा क्लब खल्याणा के प्रधान नरेंद्र पाल, उपप्रधान कर्म सिंह, रिंकू, संजू, विजय, लेख राम, सोनी देवी का कहना है कि प्रशासन और सरकार सड़क की सुध नहीं ले रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सड़क की मरम्मत नहीं करवाई तो लोगों को मजबूरन धरना-प्रदर्शन करना पड़ेगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश शर्मा ने बताया कि सड़क के पैच वर्क और एक किलोमीटर टारिंग की स्वीकृति मिल चुकी है। बरसात के बाद सड़क की दशा सुधारी जाएगी। संवाद