मंडी। लंबे अरसे से शहरी क्षेत्र में रहते हुए हिमाचली प्रमाणपत्र बना चुके लोगों का अब घर बनाने का सपना पूरा होगा। ऐसे लोग भी अब प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत आवेदन कर सकेंगे।
ऐसे लोगों के हितों को देखते हुए योजना के तहत आवेदन करने की तारीख में बदलाव कर इसे अब 15 मई तक बढ़ा दिया गया है। अन्य लोग जो पात्रता रखते हैं, वह भी निर्धारित समयावधि तक योजना के लाभ के लिए आवेदन कर सकेंगे। योजना के तहत आवेदन करने के लिए पहले 30 अप्रैल तक अंतिम तारीख निर्धारित की गई थी। नगर निगम मंडी के पास करीब पचास लोगों ने योजना के तहत आवास के लिए आवेदन किया है।
कुछ आवेदनों में त्रुटियों के कारण इनको मंजूरी के लिए नहीं भेजा गया है। आवेदन करने वालों को इन त्रुटियों को दूर कर दोबारा आवेदन करने के लिए कहा गया है। योजना के तहत हालांकि ऐसे लोगों को पात्र बनाया गया था, जिनके पास घर बनाने के लिए थोड़ी बहुत जमीन है, लेकिन अब इसमें कुछ बदलाव किया गया है। शहर में कुछ साल पहले किए गए सर्वे में ऐसे लोगों की पहचान भी की गई थी, जो यहां के मूल निवासी नहीं हैं, लेकिन उनको यहां रहते हुए लंबा अरसा हो गया है। हिमाचली प्रमाण पत्र व अन्य सुविधाएं भी इन लोगों को सरकार की ओर से प्राप्त हो रही हैं।
नगर निगम इस सर्वे के आंकड़े को अपडेट कर रहा है। इसमें अगर कोई व्यक्ति बिना अपने आवास वाला पाया जाता है, तो वह भी इस योजना के तहत आवास के लिए आवेदन कर सकेगा। इस योजना के तहत केंद्र सरकार से 2.25 लाख रुपये तथा राज्य सरकार से 25 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।
बाक्स
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत आवेदन करने की अंतिम तारीख को 15 मई तक बढ़ाया गया है, जो लोग अभी तक आवेदन करने से वंचित रह गए हैं, वह भी आवेदन कर सकेंगे।
-वीरेंद्र भट्ट शर्मा, महापौर, नगर निगम मंडी