31 मई तक पंचायत चुनाव में व्यस्त है पुलिस, कैसे चलेगी व्यवस्था
कुल्लू-मनाली की ओर उमड़ी पर्यटकों की भीड़ से घंटों तक रेंगते रहे वाहन
डिजिटल पर न चलाएं...
संवाद न्यूज एजेंसी
नगवाईं/पंडोह (मंडी)। मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बड़ी संख्या में पर्यटक कुल्लू-मनाली और आसपास के पर्यटन स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं। शनिवार को मंडी–कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंडोह से थलौट तक भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। पंचायत चुनावों के चलते पुलिस बल का बड़ा हिस्सा चुनावी ड्यूटी में तैनात रहने और पर्यटन सीजन में अचानक बढ़ी वाहनों की आवाजाही से हाईवे पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
स्थिति ऐसी रही कि पंडोह आर्मी कैंप से लेकर थलौट तक कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें लग गईं। वाहन घंटों रेंगते रहे, जिससे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सप्ताहांत और छुट्टियों के चलते बाहरी राज्यों से हजारों वाहन कुल्लू-मनाली की ओर पहुंचे, जिससे मार्ग पर यातायात दबाव अचानक बढ़ गया।
मनाली, सोलंगनाला, अटल टनल और कसोल जैसे पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। होटल कारोबारियों के अनुसार आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है, जिससे ट्रैफिक दबाव और अधिक बढ़ सकता है।
यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पंडोह पुलिस के जवान लगातार मोर्चा संभाले हुए हैं। हालांकि पंचायत चुनावों के कारण पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध न होने से ट्रैफिक नियंत्रण एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। स्थानीय लोगों पवन, प्रेम, रमन और राजीव का कहना है कि पर्यटन सीजन और छुट्टियों के दौरान हर वर्ष पंडोह से कुल्लू मार्ग पर इसी तरह की समस्या देखने को मिलती है। उन्होंने मांग की है कि पर्यटन सीजन में इस मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल और ट्रैफिक प्रबंधन की स्थायी व्यवस्था की जाए। साथ ही, पंडोह बायपास निर्माण में हो रही देरी पर भी सवाल उठाए गए हैं। उनका कहना है कि यदि बायपास समय पर बनकर तैयार हो जाता, तो इस तरह की स्थिति से राहत मिल सकती थी।
उधर, एएसपी अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध नहीं हो पाया है क्योंकि पुलिस चुनाव ड्यूटी में भी तैनात है। उन्होंने कहा कि इस बीच यातायात को सुचारु रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।