मंडी। जिले में बीते दस दिनों से अलग-अलग हिस्सों में दर्जनों चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। शातिरों के बुलंद हौसलों के आगे पुलिस की सारी रणनीतियां फेल होती नजर आ रही हैं। चोरी की कई घटनाओं में अभी तक शातिरों का सुराग नहीं लग पाया है। हालांकि घटनाओं से सबक लेते हुए अब मंडी पुलिस जिले में सीसीटीवी नेटवर्क को और सुदृढ़ में जुट गई है।
पुलिस संवेदनशील इलाकों का चयन कर नए सीसीटीवी कैमरे स्थापित करेगी, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। साथ ऐसे इलाकों में गश्त भी पुख्ता की जा रही है। जिले के अलग-अलग हिस्सों में घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में लगातार पेश आ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। लोग अब घरों को बंद कर इधर-उधर भी नहीं जा पा रहे हैं। ज्यादातर बंद घरों को ही शातिर निशाना बना रहे हैं।उपमंडल जोगिंद्रनगर, गोहर के साथ ही नेरचौक क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं ने पुलिस की परेशानी बढ़ा दी है।
पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा ने कहा कि पुलिस चोरी की घटनाओं की जांच में गंभीरता से जुटी है। कुछ मामलों में लीड भी मिली है। जांच जारी है। जल्द आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे। इसके अलावा पुलिस संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी नेटवर्क को मजबूत करने में भी लगी हुई है, ताकि इस तरह की घटनाओं को जल्दी सुलझाया जा सके।
ऐसे करें बचाव
- घरों में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं और ऑनलाइन निगरानी करते रहें।
- बाहर जाना हो तो घर छोड़ने से पहले अपने पड़ोसियों को सूचित करें।
- नकदी और गहनों को सुरक्षित जगहों पर रखें। बैंक लॉकर की सुविधा का इस्तेमाल करें।
- किसी भी तरह की आवाज होने पर हल्के में न लें और तुरंत जांच करें।
- घर के आसपास संदिग्धों के सक्रिय होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
- किरायेदार या मजदूरी पर लगे बाहरी लोगों का पुलिस थाना में पंजीकरण करवाएं।
- अनजान लोगों के साथ अपनी कोई जानकारी साझा न करें।