सरकाघाट (मंडी)। विश्व पर्यावरण दिवस पर आरके इंटरनेशनल स्कूल नवाही में प्रकृति संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विविध प्रेरक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम प्लास्टिक को समाप्त करना को आधार बनाकर छात्रों और शिक्षकों ने समाज में जागरूकता की नई चेतना जगाने का प्रयास किया।
कार्यक्रम की शुरूआत विद्यालय अध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा और प्रधानाचार्य एसके शर्मा के प्रेरणादायक उद्बोधनों से हुई। इस मौके पर विद्यालय परिसर में पौधरोपण अभियान के तहत छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों ने मिलकर विभिन्न प्रकार के पौधे रोपे। साथ ही प्लास्टिक मुक्त परिसर की दिशा में ठोस पहल करते हुए विद्यार्थियों ने एक छात्र, एक संकल्प के माध्यम से शपथ ली कि वे प्लास्टिक उत्पादों का उपयोग नहीं करेंगे और समाज को भी इसके घातक प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे। इस अवसर पर बच्चों ने नुक्कड़ नाटक, सृजनात्मक पोस्टर निर्माण, सशक्त स्लोगन लेखन कार्यक्रमों के माध्यम से भी संदेश दिया। संवाद