करसोग (मंडी)। करसोग वन विभाग की टीम ने छतरी के लरसी में नाकाबंदी के दौरान देवदार की लकड़ी से लदे एक पिकअप वाहन को पकड़ा है। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें देवदार के 30 नग कुल 1.992 घन मीटर लकड़ी बरामद हुई। बरामद की गई लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 2,24,387 रुपये आंकी गई है।
वन विभाग के अनुसार नाकाबंदी के दौरान पिकअप वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में देवदार की लकड़ी पाई गई। चालक लकड़ी से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद वन विभाग ने वाहन को कब्जे में लेकर लकड़ी की जांच की और मामला पुलिस को सौंप दिया। वन विभाग के अनुसार पिकअप चालक की पहचान युवराज गांव डांगर सपनोट के रूप में हुई है। कार्रवाई में उप वन राजिक उत्तम चंद, वनरक्षक सुरेश कुमार, अंकुर कुमार सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। वन विभाग की टीम ने पुलिस थाना जंजैहली को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए सूचित किया। वन विभाग ने स्पष्ट किया कि वन संपदा की अवैध कटाई और अवैध परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देवदार जैसी बेशकीमती लकड़ी की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में जांच जारी है।