सह प्रांत प्रचारक ओम प्रकाश ने पंच परिवर्तन का संदेश दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) मंडी नगर का विजयादशमी एवं शस्त्र पूजन कार्यक्रम इंदिरा मार्केट की छत पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने समाज को नशामुक्त बनाने और राष्ट्रहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि इंदिरा मार्केट के प्रधान अशोक कुमार ने कहा कि देश के हित में समाज के हर वर्ग को आगे आना चाहिए। मुख्य वक्ता संघ के सह प्रांत प्रचारक ओम प्रकाश ने ध्वजारोहण के बाद स्वयंसेवकों को पंच परिवर्तन का संदेश दिया। इसमें कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्य जैसे विषयों पर जोर दिया गया। उन्होंने समाज की विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। संघ के 101वें वर्ष के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बाल स्वयंसेवकों से लेकर वरिष्ठ आयु वर्ग के स्वयंसेवकों ने भाग लिया।