जोगिंद्रनगर के शानन परियोजना की बदहाली पर प्रदर्शन करते हुए लोग। संवाद
जोगिंद्रनगर (मंडी)। शानन स्थित 110 मेगावाट पन विद्युत परियोजना की बदहाली पर स्थानीय लोगों का गुस्सा अब फूटने लगा है। पंजाब राज्य सरकार की उदासीनता के खिलाफ स्थानीय निवासियों ने आक्रोश जताते हुए पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने परियोजना के पास स्थित लगभग एक किलोमीटर लंबी सड़क की दुर्दशा पर रोष व्यक्त करते हुए पंजाब राज्य विद्युत बोर्ड के कार्यालय में प्रदर्शन किया।
शुक्रवार को जिला परिषद सदस्य विजय भाटिया की अगुवाई में स्थानीय लोगों ने रोष रैली का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना के जीर्णोद्धार और शानन संपर्क सड़क के मरम्मत कार्य में हो रही ढिलाई पर एतराज जताया। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी कि अगर सड़क का मरम्मत कार्य शीघ्र नहीं किया गया, तो वे अपने आंदोलन को तेज करेंगे।
मंडी-पठानकोट हाईवे से सटी इस सड़क पर रहने वाले लोगों ने छपरोट, स्यूरी, हारगुनैण और शानन पावर हाउस के आसपास के निवासियों ने परियोजना के उच्चाधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि अगले दो सप्ताह में सड़क का मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे परियोजना के अधिकारियों का घेराव करने के लिए मजबूर होंगे।
उधर, शानन प्रोजेक्ट के आरई, सतीश कुमार ने कहा कि परियोजना के अधीन आने वाले विकास कार्यों को धरातल में उतारने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि सड़क के सुधार कार्य के लिए लगभग 40 लाख रुपये के बजट को स्वीकृति मिली है। साथ ही, उन्होंने आश्वासन दिया कि परियोजना द्वारा आसपास के गांवों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ दिलाने के प्रयास जारी हैं।