नेरचौक (मंडी)। बल्ह की सबसे बड़ी सब्जी मंडी में वीरवार शाम को कुछ लोग कुल्हाड़ी लेकर आढ़तियों की दुकान में घुस गए और वहां मौजूद पल्लेदारों को जान से मारने की धमकी दी। पूरी घटना सब्जी मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। इस संबंध में केस भी दर्ज हो गया है।
आढ़ती पारस फ्रूट कंपनी के मालिक लेख राज ने बताया कि शाम को एक व्यक्ति अपने साथ कुछ गुंडों को लेकर आया और कुल्हाड़ी लहराते हुए पल्लेदारों को धमकाया। इससे मंडी में हड़कंप मच गया। सभी आढ़तियों ने पुलिस और प्रशासन से इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो इन गुंडों के हौसले और भी बढ़ सकते हैं।
सब्जी मंडी डडौर के प्रधान महेंद्रपाल ने पुष्टि की कि घटना की शिकायत पुलिस थाना बल्ह में दर्ज करवाई गई है। गुंडों ने आढ़ती जितेंद्र सैनी के साथ हाथापाई की, जिससे उसे चोटें आई हैं। प्रदेश आढ़ती एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अनिल सैनी ने कहा कि बिल की गलतफहमी को लेकर हुई यह घटना पूरी तरह गलत है और गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी आढ़ती अब डर के साये में हैं और अगर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे हड़ताल पर जाने का विचार कर सकते हैं।
एसएचओ बल्ह पुरषोतम धीमान ने बताया कि आढ़तियों द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। डीएसपी मुख्यालय देवराज ने भी आश्वस्त किया कि नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।