कहा, कांग्रेस सरकार और मुखिया जनता के सामने हो चुके हैं बेनकाब
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का झूठ अब जनता के सामने उजागर हो चुका है। जनता कांग्रेस की कथनी और करनी का अंतर समझ चुकी है और उसकी जनविरोधी नीतियों, झूठी गारंटियों व बढ़ते आर्थिक बोझ से नाराज है।
उन्होंने रविवार को सराज क्षेत्र का दौरा कर लोगों से मुलाकात की और मंडी में जारी बयान में कहा कि साढ़े तीन साल में सरकार विकास का कोई ठोस काम नहीं गिना पाई है, जबकि दूध, पर्यावरण और बिजली सेस लगाकर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला गया है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले योजनाओं के नाम पर फॉर्म भरवाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश हुई और आचार संहिता का उल्लंघन कर घोषणाएं की जा रही हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से संज्ञान लेने की मांग की। साथ ही कहा कि हाल के चुनावों में जनता ने भाजपा के पक्ष में जनादेश दिया है, जो आगे भी जारी रहेगा।