मंडी। हिमाचल प्रदेश पेंशनर ज्वाइंट फ्रंट के संयोजक और जिला प्रधान हरीश शर्मा और प्रदेश के चेयरमैन आत्मा राम शर्मा ने संयुक्त बयान में कहा कि पेंशनरों में सरकार के प्रति भारी रोष है। उन्होंने कहा कि सरकार की बेरुखी के चलते 14 अक्तूबर को जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन कर उपायुक्त के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन सौंपा जाएगा। क्योंकि लंबे समय से पेंशनर प्रदेश सरकार की अपेक्षा के कारण हताश और निराश हैं।
प्रदेश के पेंशनरों को छठे वेतन आयोग के आर्थिक लाभ आज तक नहीं मिल पाए हैं। 2016 से 2022 तक के बीच सेवानिवृत्त पेंशनरों की करोड़ों रुपये की देनदारी सरकार के पास है। मेडिकल बिल लंबित हैं। डीए की किस्तें अभी बकाया हैं। जेसीसी की मीटिंग अभी तक नहीं हो पाई है। प्रदेश संयोजक हरीश शर्मा ने कहा कि मंडी जिले के 15 खंडों के 15000 पेंशनरों के प्रतिनिधि और पदाधिकारी मंडी के चानणी में इकट्ठा होकर धरना प्रदर्शन में भाग लेंगे।