ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट और अन्य लंबित देनदारियों के भुगतान की मांग
जोगिंद्रनगर में हुई हिम आंचल पेंशनर महासंघ की बैठक
31 जुलाई तक लंबित भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे पेंशनर
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। प्रदेश के विभिन्न विभागों से वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित वित्तीय देनदारियों का भुगतान न होने से पेंशनरों में रोष बढ़ता जा रहा है। जोगिंद्रनगर में वीरवार को हिम आंचल पेंशनर महासंघ की मासिक बैठक में सरकार को 31 जुलाई तक का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी गई कि यदि ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट, संशोधित कम्यूटेशन राशि तथा अन्य लंबित भुगतान जारी नहीं किए गए तो पेंशनर आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
बैठक की अध्यक्षता इकाई अध्यक्ष नेक राम शास्त्री ने की। उन्होंने कहा कि सरकार लंबे समय से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की वित्तीय देनदारियों के भुगतान में देरी कर रही है। यदि 31 जुलाई तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेशभर में विरोध-प्रदर्शन शुरू किए जाएंगे। इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर संबंधित विभागों का घेराव और हाईवे जाम जैसे आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जा सकते हैं।
जिला उपाध्यक्ष प्रकाश वर्मा, महासचिव रमेश पठानिया और प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट और संशोधित कम्यूटेशन राशि का भुगतान अब तक लंबित है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा प्रतिपूर्ति के बिल भी वर्षों से अटके हुए हैं। इसके अलावा वेतन संशोधन और वेतन विसंगतियों से जुड़े मामलों का भी अभी तक निपटारा नहीं किया गया है। मुख्य सलाहकार बेली राम, उपप्रधान दान सिंह ठाकुर, हरदेव और राजकुमार ने कहा कि वर्षों से लंबित मामलों का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अपने अधिकारों के लिए आंदोलन का सहारा न लेना पड़े। बैठक शुरू होने से पहले दिवंगत पेंशनर नानक चंद ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। बैठक में श्याम सिंह, दिले राम, रघुवीर सिंह, बलदेव, भक्त राम, हंसराज सोनी, मान सिंह, शेर सिंह, सतीश, गोपाल चंद, चमेल सिंह, रामलाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।