सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश संयुक्त पेंशनर समन्वय एवं संघर्ष समिति जिला मंडी की बैठक रविवार को सुंदरनगर के वृद्ध आश्रम देहरी में हुई। यह बैठक जिला समन्वयक एवं हिमाचल पेंशनर्स फेडरेशन के जिला प्रधान प्रभु राम वर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मंडी जिले के विभिन्न पेंशनर संगठनों एचआरटीसी, विद्युत बोर्ड, हिमाचल पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन, अर्बन बॉडीज कॉरपोरेट सेक्टर तथा हिमाचल पेंशनर्स फेडरेशन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। प्रभु राम वर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर 17 अक्तूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्धता दिखाई।
इस मौके पर जिला स्तर पर संयुक्त समन्वय समिति तथा संयुक्त संघर्ष समिति का आपसी विचार विमर्श से गठन किया गया। इसमें समन्वय समिति के समन्वयक प्रभु राम वर्मा, सचिव दिलीप ठाकुर तथा रमेश ठाकुर चुने गए। संघर्ष समिति में जिला समन्वयक हेम सिंह ठाकुर के अतिरिक्त लक्षण वर्मा, नरोत्तम चंद ठाकुर, मेहर चंद गारला, हरिदास प्रजापति, कुलदीप गुलेरिया, इंद्रजीत, रूपचंद को शामिल किया गया।
अशोक पराशर एचआरटीसी से, एनडी वालिया विद्युत बोर्ड से, शिव सिंह सेन और प्रवीण शर्मा अर्बन डेवलपमेंट, हिमाचल पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशंस से डॉ. रोशन लाल, महिला विंग से इंदिरा शर्मा और प्रेम कुमारी ठाकुर मान्य सदस्य होंगे। इस बैठक में सभी उपस्थित सदस्यों ने 17 अक्तूबर को जिला मुख्यालय मंडी में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को कामयाब करने का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक संख्या में उपस्थिति सुनिश्चित करने की बात कही। बैठक में विशेष रूप से प्रदेश अध्यक्ष हिम्मत राम शर्मा उपस्थित रहे। संवाद