पेंशन एरियर के भुगतान पर जताया आभार, नई भुगतान पद्धति पर रोष प्रकट
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। हिम-आंचल पेंशनर संघ बल्ह खंड इकाई की मासिक बैठक मंगलवार को डडौर में इकाई प्रधान मंगत राम चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनरों की विभिन्न लंबित मांगों और ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पेंशनरों ने एरियर के भुगतान तथा 15 प्रतिशत बकाया राशि जारी करने के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।
पेंशन एरियर के भुगतान को लेकर सरकार की ओर से बार-बार नई पद्धति अपनाए जाने पर संघ सदस्यों ने रोष जताया। पेंशनरों ने सरकार से मांग की कि आगामी दशहरा पर्व से पूर्व महंगाई भत्ते की किस्त जारी की जाए। साथ ही, ग्रेच्युटी और लीव-एनकैशमेंट की राशि का अविलंब भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई। इकाई प्रधान मंगत राम चौधरी ने सदस्यों को विभागीय जानकारियों से अवगत करवाया। उन्होंने संघ को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आगामी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।बैठक में गुरदास, मेघ सिंह, राम सिंह वर्मा, लालमन दास, गोवर्धन, देवी रूप, यशोधन कुमार, राय सिंह, कर्म सिंह, भोला राम, शिव लाल और खेम चंद ठाकुर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।