चिकित्सकों के अवकाश से जोगिंद्रनगर अस्पताल में मरीज परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में शनिवार को मुख्य ओपीडी में एक साथ पांच चिकित्सकों के अनुपस्थित रहने से करीब 200 मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ी। सुबह 9:30 बजे पर्ची कटवाकर ओपीडी पहुंचे मरीजों को डॉक्टरों की कुर्सियां खाली मिलीं और घंटों इंतजार करना पड़ा। पीजी प्रवेश परीक्षा के चलते चार चिकित्सक अवकाश पर थे। एक चिकित्सक नाइट ड्यूटी के बाद नाइट ऑफ और एक अन्य सामान्य अवकाश पर था। अस्पताल में मौजूद बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरभि समेत एक अन्य चिकित्सक ने व्यवस्था संभालने और गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार देने का प्रयास किया, लेकिन भारी भीड़ के कारण कई मरीजों को बिना उपचार लौटना पड़ा।
मरीजों की पीड़ा
सुबह 10 बजे बुखार, नाक से पानी, खांसी और शरीर में दर्द की शिकायत लेकर पहुंचा। 11:48 बजे प्राथमिक उपचार मिला। -बालक राम, मरीज
दोपहर 12 बजे तक ओपीडी के बाहर इंतजार करती रहीं। इसके बाद उपचार मिल पाया। -गुड्डी देवी, हराबाग
स्वास्थ्य विभाग को अस्पताल में चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने और नियमित सेवाएं सुनिश्चित करने पर ध्यान देना चाहिए। -उर्मिला देवी, हराबाग
सुबह 9 बजे पत्नी सोमा देवी और अपना उपचार करवाने पहुंचे। पत्नी को टांगों और पीठ में दर्द के बावजूद उपचार के लिए काफी इंतजार करना पड़ा। -मेघ सिंह, बसाही