जोगिंद्रनगर अस्पताल में तेज बुखार होने पर खून का सैंपल लेती लैब तकनीशियन। संवाद
जोगिंद्रनगर (मंडी)। मंडी जिले के अस्पतालों में स्क्रब टायफस और टाइफाइड के मरीजों के बाद अब डेंगू के संभावित मरीज भी दिखने लगे हैं। तेज बुखार से ग्रसित मरीजों के खून के सैंपल में डेंगू के लक्षण मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। साथ ही तेज बुखार होने से लोगों से तुरंत चिकित्सक की सलाह लेने का आग्रह किया है।
जोगिंद्रनगर अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार घास कटाई के दौरान पनप रहे कीड़ों के काटने से स्क्रब टायफस के मरीजों की पहचान हुई है। वहीं, बुखार से ग्रस्त मरीजों के सैंपल में टाइफाइड और डेंगू के लक्षण भी मिले हैं। हालांकि, डेंगू के मरीजों के पॉजिटिव होने की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है, लेकिन बाहर से आए कुछ लोगों में डेंगू के लक्षण पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात बरतने का निर्णय लिया है। ऐसे मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री की जांच की जा रही है।
जोगिंद्रनगर अस्पताल में हर दिन 15-20 तेज बुखार के मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। विशेषज्ञ डॉ. अभिनव ने स्क्रब टायफस और टाइफाइड के मरीजों को सरकारी अस्पतालों में दवा और उपचार प्राप्त करने की सलाह दी और घरों के आसपास सफाई रखने का आग्रह किया।
उधर, जोगिंद्रनगर अस्पताल के एसएमओ डॉ. रोशन लाल कौंडल ने बताया कि उपचार के लिए दवाओं के पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं। मौसम में बदलाव को देखते हुए आम जनता को खान-पान में सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
जोगिंद्रनगर अस्पताल में तेज बुखार होने पर खून का सैंपल लेती लैब तकनीशियन। संवाद