जोगिंद्रनगर शहर में घूमते लावारिस पशु। जिनके आंतक से लोग परेशान हैं। संवाद
जोगिंद्रनगर/चौंतड़ा (मंडी)। शहर में अरसे बाद फिर से हिंसक बैलों का झुंड पहुंचने से राहगीरों और कारोबारियों में अफरा-तफरी का माहौल है। जोगिंद्रनगर शहर की मुख्य सड़कों, चौकों और गलियों में ये बैल राहगीरों पर हमला कर रहे हैं।
पूर्व में इन बैलों के हमले से कई लोग घायल हो चुके हैं, यहां तक कि कुछ की मौत भी हो चुकी है, लेकिन प्रशासन की ठोस कार्ययोजना के अभाव में इनकी संख्या बढ़ती जा रही है। गरोड़ू से रेलवे क्रॉसिंग और बस अड्डे तक हिंसक बैलों का आतंक हर रोज बढ़ रहा है। व्यापार मंडल अध्यक्ष भास्कर गुप्ता और महासचिव सतवीर ने कहा कि आदर्श कन्या पाठशाला के पास एक कारोबारी पर हमला कर बैल ने उसे बुरी तरह घायल कर दिया, जिसे टांडा रेफर करना पड़ा। प्रशासन की लापरवाही से समस्या विकराल हो रही है।
नगर परिषद के उपाध्यक्ष अजय धरवाल ने बताया कि हिंसक बैलों को शहर से बाहर करने को लेकर प्रशासन और पशुपालन विभाग से कई बार बातचीत हो चुकी है। नगर परिषद भी अपने स्तर पर रेस्क्यू अभियान चला रही है। संवाद