स्नोर घाटी के टकोली में फोरलेन पर आया मलबा।इससे यातायात बाधित रहा। संवाद
पंडोह (मंडी)। भारी बारिश के चलते रविवार सुबह 5 बजे मंडी-कुल्लू के बीच राष्ट्रीय उच्च मार्ग चंडीगढ़-मनाली जगह-जगह भूस्खलन होने से बंद हो गया। ऐसे में सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन सुरक्षित जगह पर रोक दिए गए। वाहनों में बैठे यात्री और चालक-परिचालक दिनभर सड़क बहाली का इंतजार करते रहे।
मार्ग की बहाली के लिए विभागीय कर्मचारियों, पुलिस और वाहन चालकों से जानकारी लेते रहे। दवाडा से पंडोह बांध तक और कुल्लू की तरफ उच्च मार्ग पर जगह-जगह भूस्खलन होने से शाम तक जाम लगा रहा। बारिश भी बहाली कार्य में बाधा बनती रही। जाम में फंसे लोगों को दिनभर भूखे-प्यासे वाहनों में ही बैठना पड़ा। फंसे हुए वाहनों में अधिकतर बड़े मालवाहक वाहन शामिल रहे। छोटे वाहन लौट गए।
....
टैक्सी में सवारी को वापस हरियाणा ले जा रहे थे। सुबह 5 बजे से दवाडा के पास सड़क मलबा आने से बंद हो गई। शाम तक सवारियों के साथ परेशान होना पड़ रहा है। आस पास खाने के लिए ढाबा और दुकानें भी नहीं है। बहुत मुश्किल हो रही है।
-राहुल, चालक हिसार
....
जालंधर से मनाली के लिए सामान ले जा रहे हैं, लेकिन हणोगी के पास दवाडा में सड़क बंद होने से रविवार सुबह 6 बजे से शाम तक पंडोह बांध के पास जाम में फंसे हैं। यहां आस पास न तो कोई ढाबा है न कोई अन्य दुकान जहां कुछ खा पी लिया जाए। ऐसे में सामान को छोड़ कर भी जा नहीं सकते।
-सुखविंद्र सिंह, निवासी जालंधर पंजाब
000