जोगिंद्रनगर बस अड्डे में पहुंची मनाली से पठानकोट जाने वाली एचआरटीसी बस। स्रोत- जागरूक पाठक
जोगिंद्रनगर (मंडी)। एचआरटीसी की ओर से लंबी दूरी के रूटों में भी खटारा बसों को भेजने से यात्रियों और पर्यटकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। पर्यटन नगरी मनाली से पठानकोट-अमृतसर तक करीब 440 किलोमीटर के सफर के लिए निगम ने जिन बसों को तैनात किया है, उनकी सीटें खस्ताहाल हैं।
लाइट भी टूट फूट गई है। माइलेज पूरी कर चुकी बसों को सड़कों पर दौड़ाकर यात्रियों की जान से खेला जा रहा है। आलम यह है कि इन बसों में यात्रियों के गंतव्य तक पहुंचने की गारंटी नहीं है। बस में सफर कर रहे यात्रियों दिनेश कुमार, महेश, सुनीता आदि ने बताया कि किराये में बढ़ोतरी के बाद भी निगम की बसों में सुधार नहीं हो पाया है।
चंबा के लिए भी परिवहन निगम की बसों की हालत नाजुक बनी हुई है। उधर मंडलीय प्रबंधक धर्मशाला, पंकज चड्ढा ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम के बेड़े में नई बसों को शामिल करने का सिलसिला जारी है। निगम की पुरानी बसों को जिन रूटों पर दौड़ाया जा रहा है, इसमें सुधार लाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे। संवाद