धर्मपुर में नशे के खिलाफ आयोजित दौड़ में भाग लेते युवा। स्त्रोत- संगठन
धर्मपुर (मंडी)। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए धर्मपुर में साक्षरता एवं ज्ञान समिति ने नशा मुक्त अभियान के तहत बुधवार को मैराथन का आयोजन किया गया।
अंडर-16 वर्ग के लिए मैराथन दो किलोमीटर जबकि 18 वर्ष के लिए चार किलोमीटर रही। मैराथन का आयोजन धर्मपुर से केंद्रीय विद्यालय कलस्वाई के बीच किया गया। मैराथन में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर, सिद्धपुर और तनेहड़, डॉ. विजय मेमोरियल, डीपीएस और न्यू बीम पब्लिक स्कूल धर्मपुर आदि के 300 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। पहले पांच स्थानों तक पहुंचने वालों को नकद 20 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अथिति के रूप में धर्मपुर निवासी लेफ्टिनेंट कर्नल अनुराग गुप्ता ने शिरकत कर सभी विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने भी नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।
अंतरराष्ट्रीय एथलीट कोच भूपिंद्र भूप्पी और पूर्व जिला परिषद सदस्य भुपेंद्र सिंह ने बताया कि आगामी दिनों में मंडप और चोलथरा तथा संधोल में भी मैराथन आयोजित की जाएगी।