सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर के नया बाजार में हथियार की नोक पर दंपती से लूटपाट मामले में पकड़े आरोपियों को उत्तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर पुलिस बुधवार को भी सुंदरनगर कोर्ट में पेश नहीं कर पाई।
मुजफ्फरनगर पुलिस को चारों आरोपियों सलमान, जावेद, सरताज और शाहिद को बुधवार को सुंदरनगर कोर्ट में पेश करना था। अब कोर्ट ने यूपी पुलिस को इन आरोपियों को 26 जून को पेश करने के आदेश दिए हैं।
इस बार कोर्ट ने यूपी पुलिस पर नाराजगी जाहिर करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के जेलर से जवाब तलब किया है कि उक्त आरोपियों को यूपी पुलिस क्यों नहीं सुंदरनगर लेकर आ रही है।
इससे पहले कोर्ट ने दो और पांच जून को इन आरोपियों को पेश करने को कहा था। बाद में यूपी पुलिस ने 11 जून का समय मांगा था। अब सुंदरनगर पुलिस सभी आरोपियों के कस्टडी ट्रांसफर की अर्जी भी न्यायालय में दायर करेगी।
मंजूरी मिलने पर यूपी पुलिस से सभी आरोपियों की कस्टडी सुंदरनगर पुलिस के हाथ सुपुर्द होगी। कस्टडी ट्रांसफर के बाद सभी आरोपियों को पुलिस अपनी कस्टडी में लेते हुए पुनः न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड के लिए अर्जी लगाएगी।
वहीं हाल ही में मणिकर्ण पुलिस की ओर से पकड़े चोरों को भी सुंदरनगर पुलिस नहीं ला पाई है। पुलिस जानकारी के अनुसार मणिकर्ण पुलिस ने हाल ही में मंडी जिले में चोर पकड़े हैं। जांच के बाद इन चोरों ने सुंदरनगर में हुई दो चोरियों की बात भी कबूली है। इसी दौरान यही चोर कुल्लू, मणिकर्ण में कई चोरियों में वांछित थे।
इसी वजह से इन चोरों का कुल्लू में पुलिस रिमांड लंबा हो गया है। अभी भी सुंदरनगर पुलिस को इन्हें सौंपने में पांच से दस दिन लग सकते हैं। डीएसपी सुंदरनगर ने बताया कि इन चोरों को सुंदरनगर जल्द से जल्द लाने के लिए पत्राचार चला हुआ है। उम्मीद है कि कुल्लू में पुलिस रिमांड खत्म होते ही इन्हें सुंदरनगर पुलिस को सौंप दिया जाएगा।