मंडी। मंडी शहर में नगर परिषद के अधीन आने वाले दो पार्किंग स्थलों की नीलामी में 50 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी हुई है। जिससे सीधे तौर पर नगर परिषद की आय में वृद्धि होगी। एकाएक ही नीलामी में हुई बढ़ोतरी से अब अन्य पार्किंग स्थलों से भी आय होने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
नीलाम हुए पार्किंग स्थलों में इंदिरा मार्केट की छत्त पर दोपहिया पार्किंग और टाउन हॉल के समीप चौपहिया वाहन पार्किंग शामिल है। दोनों पार्किंग स्थल से नप को करीब 18 लाख रुपये आय मिली है। जबकि पूर्व में करीब 11 लाख रुपये आई हुई थी। अकेले इंदिरा मार्केट की छत्त पार्किंग स्थल करीब 15 लाख रुपये में नीलाम हुआ है। जबकि गत वर्ष यह पार्किंग स्थल करीब नौ लाख रुपये में नीलाम हुआ था। वहीं, टाउन हॉल के समीप स्थित पार्किंग स्थल करीब तीन लाख रुपये में नीलाम हुआ है।
जबकि गत वर्ष यह 1.90 लाख रुपये में नीलाम हुआ था। अकेले इंदिरा मार्केट छत्त पार्किंग स्थल में करीब 300 दोपहिया वाहन पार्क किए जा सकते हैं। नगर परिषद की ओर से अभी तक पार्किंग फीस पर कोई बदलाव नहीं किया गया है। नगर परिषद के हाउस में पार्किंग फीस के रेट में कमी या बढ़ोतरी की जा सकती है। नप के दो पार्किंग स्थल अभी नीलाम होना बाकी हैं। एकाएक ही नीलामी में 50 फीसदी बढ़ोतरी होने पर अन्य पार्किंग स्थल से भी आय होनी की उम्मीद जताई जा रही है।
इधर, नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी उर्वशी वालिया ने बताया कि पार्किंग स्थल की नीलामी में हाइक हुआ है। पार्किंग फीस में अभी तक कोई फेरबदल नहीं किया गया है। हाउस के निर्णय के मुताबिक ही पार्किंग फीस ली जाएगी।
आवश्यकता होने पर खाली करनी होगी पार्किंग
अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव या अन्य किसी भी समारोह के दौरान पार्किंग स्थल की आवश्यकता होने पर इसे खाली करना पड़ेगा। पार्किंग टेंडर शर्तों में इसे शामिल किया गया है। यदि कोई तय रेट से अधिक रुपये वसूलता है तो भी कार्रवाई की जाएगी।