जोगिंद्रनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में मरीजों को साल के आखिरी दिन भी अव्यवस्था का आलम झेलना पड़ा। शिशु ओपीडी में फर्श में बैठकर तीमारदार बारी का इंतजार करते रहे।
गायनी विशेषज्ञ चिकित्सक आपात सेवाओं में मौजूद होने के चलते ओपीडी में मरीजों को उपचार के लिए इंतजार करना पड़ा। बाल रोग ओपीडी में 80 से अधिक मरीजों ने दोपहर करीब एक बजे तक पंजीकरण करवाया। 31 दिसंबर को नागरिक अस्पताल में टेस्ट करवाने के लिए भूखे प्यासे पहुंचे मरीजों को भी अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
अस्पताल की सरकारी प्रयोगशाला में 70 से अधिक मरीजों के टेस्ट दोपहर 12 बजे तक हुए। क्रस्ना लैब में देर शाम तक 114 मरीजों के टेस्ट लिए गए। एसएमओ डॉ. रोशन लाल कौंडल ने कहा कि नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर मरीजों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है। मंगलवार को 200 से अधिक मरीजों को स्वास्थ्य लाभ दिलाया गया। संवाद