7 मील के पास वाहन को रोकने का इशारा किया पर नहीं रुका
पुलिस ने पीछा कर दबोचा चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। पंडोह पुलिस ने अवैध रूप से बीयर ले जा रही बोलेरो मैक्स गाड़ी से 60 पेटियां बरामद की हैं। रविवार सुबह 7 मील के पास गश्त के दौरान पुलिस ने एक गाड़ी को रोकने का प्रयास किया लेकिन चालक उसे घराण लिंक रोड की ओर ले गया। पुलिस टीम ने पीछा कर गाड़ी को रोक लिया। तलाशी लेने पर गाड़ी से बीयर की 60 पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 12 बोतलें थीं। इस तरह कुल 720 बोतलें पुलिस ने कब्जे में लीं।
पुलिस के अनुसार चालक की पहचान लक्की निवासी तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई है। वह बीयर के परिवहन से संबंधित वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बीयर को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बीयर की खेप पंजाब के कीरतपुर से लोड की गई थी और इसे कुल्लू पहुंचाया जाना था। दशहरा उत्सव के दौरान इसे बेचने की आशंका जताई जा रही है। इस अवैध सप्लाई में कौन-कौन शामिल है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। मामले में पुलिस थाना सदर मंडी में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उधर, मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि जिले में शराब के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे की तस्करी या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।