विकास खंड सुंदरनगर में कोरम पूरा नहीं होने के कारण बुधवार को पंचायत समिति अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव नहीं हो पाया। जिसके बाद अब चुनाव के लिए आगामी तारीख 21 जनवरी रखी गई है। बुधवार को सुंदरनगर में पंचायत समिति की आम सभा रखी गई थी। इसमें पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होना था।
इसके लिए दो तिहाई पंचायत समिति सदस्यों की उपस्थिति होना अनिवार्य थी, लेकिन आम सभा में मात्र एक ही पंचायत समिति सदस्य उपस्थित हुई जो अप्पर बैहली वार्ड से संबंध रखती है। अन्य सभी पंचायत समिति सदस्यों ने चुनाव प्रक्रिया से किनारा किया। यहां तक कि भाजपा समर्थित पंचायत समिति सदस्य भी बैठक में उपस्थित नहीं हुए। पंचायत समिति के चुनावों में भाजपा को 30 में से 21 सीटें मिलने के साथ पूर्ण बहुमत प्राप्त है।
जिसके चलते पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कुर्सी पर भाजपा के समर्थक ही काबिज होंगे, लेकिन भाजपा नेता अभी तक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की ताजपोशी को लेकर कोई निर्णय नहीं ले पाई है। इन दोनों पदों के लिए किसी भी नाम पर सहमति नहीं बन सकी है। भाजपा सूत्रों के अनुसार पंचायत समिति में अध्यक्ष पद सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र से और उपाध्यक्ष नाचन से होने पर सहमती बन गई है।
बुधवार को लोहड़ी पर्व के कारण भी नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य अपने परिवार व समर्थकों के साथ व्यस्त थे। जिस कारण भी पंचायत समिति सदस्य बैठक में उपस्थित नहीं हुए। अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए कई सदस्य अपनी दावेदारी जता रहे हैं, लेकिन अंतिम निर्णय पार्टी पर ही छोड़ा जा रहा है, ऐसे में समस्त सदस्य पार्टी के निर्णय के बाहर नहीं जाना चाहते हैं, लेकिन पार्टी द्वारा अभी कोई निर्णय नहीं लिया जा रहा। इससे आगामी आम सभा तक अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद की ताजपोशी की प्रक्रिया टल गई है।
इधर, निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सुंदरनगर राजीव कुमार ने बताया कि कोरम पूरा न होने के कारण पंचायत समिति अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव बुधवार को नहीं हो पया है। अब 21 जनवरी को साधारण अधिवेशन की तारीख तय की गई है। जिसमें पंचायत समिति सदस्य अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव करेंगे।