सराज विस क्षेत्र में हाल ही में सम्पन्न हुए पंचायत चुनावों में बीडीसी चेयरमैन को लेकर जोड़तोड़ तेज हो गया है। सराज के विधायक एवं पूर्व मंत्री जयराम ठाकुर समेत सराज भाजपा सराज ब्लाक में भाजपा समर्थित चेयरमैन की ताजपोशी की तैयारियों में जुट गए हैं। जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि सराज भाजपा ने करीब एक दर्जन से अधिक भाजपा समर्थित बीडीसी सदस्यों की सहमति बनाकर जल्द सराज ब्लॉक में भाजपा समर्थित बीडीसी चेयरमैन की ताजपोशी की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जयराम ठाकुर ने भाजपा के समर्थन में आए बीडीसी सदस्यों में वार्ड नंबर 2 पंजाई से खीरू देवी, 3 भनवास से अमर सिंह, 5 खलवाहण से यादविंद्र, 9 बगडाथाच से बलि राम, 10 काकडाधार से जय प्रकाश, 11 ब्रयोगी से माना देवी, 12 ढीम कटारू से डोलमा देवी, 15 लंबाथाच से सत्य प्रकाश, 16 थुनाग से खीम दासी, 17 शिल्हीबागी से सुंदर सिंह, वार्ड नंबर 18 भाटकीधार गोविंद, और 19 बागाचनोगी से ठाकरी देवी के भाजपा के संपर्क में रहने का दावा जताया है। सराज में कांग्रेस भी बीडीसी चेयरमैन को लेकर गठजोड़ में जुटी हुई है, मगर विधायक जयराम ठाकुर अपनी रणनीति में कांग्रेस से आगे निकल गए हैं।
जयराम ठाकुर उनके समर्थन में आए बीडीसी सदस्यों के साथ अनेक बैठकें भी कर चुके हैं। जिसके बाद आगामी जनवरी 19 जनवरी को सराज ब्लाक में होने जा रहे बीडीसी चुनावों को लेकर भाजपा समर्थित बीडीसी चेयरमैन का बनना लगभग तय माना जा रहा है। सराज ब्लॉक में कुल 21 बीडीसी सदस्य हैं। जिनमें 12 बीडीसी सदस्य भाजपा के संपर्क में पूरी तरह बताए जा रहे हैं।
बीडीओ सराज तवेंद्र कुमार ने आगामी 19 जनवरी को सराज ब्लाक में बीडीसी चेयरमैन और उनकी कार्यकारिणी के चुनाव होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आगामी 13 जनवरी को सराज ब्लॉक में नवनिर्वाचित बीडीसी सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह है। सराज के विधायक जयराम ठाकुर ने बताया कि सराज में भाजपा समर्थित बीडीसी चेयरमैन बनना लगभग तय है।