कहा, हमेशा धोखा देता आया, देता है और देता रहेगा पड़ोसी देश
पाक आर्मी चीफ के बयान पर कारगिल योद्धाओं और अन्य पूर्व सैनिकों की तीखी प्रतिक्रया
त्रिपुरारी सांख्यान
मंडी। कारगिल युद्ध के 25 सालों के बाद आए पाकिस्तान के आर्मी चीफ के बयान, जिसमें उन्होंने अपने सैनिकों के शामिल होने की बात कबूली है पर कारगिल युद्ध के योद्धाओं और देश के सैनिकों और पूर्व सैनिकों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं।
इस युद्ध में अहम भूमिका निभाने वाले योद्धाओं और पूर्व सैनिकों ने कहा है कि 25 साल के बाद पाकिस्तान ने इस बात को कबूल किया है, जिससे भारतीयों को खुशी का अनुभव हो रहा है। सैनिकों ने कहा कि पाकिस्तान की उस समय की सरकारों ने इस युद्ध में शामिल सैनिकों को कश्मीरी मुजाहिद्दीन कहा था और देश और दुनिया को गुमराह करने की अपनी पहचान का परिचय दिया। कहा कि आज तक यह देश अपनी कायराना हरकतों से बाज नहीं आ रहा है और बार-बार आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है।
टाइगर हिल और सोनो हिल पर मिले थे सुराग : खुशाल ठाकुर
इस युद्ध में दुश्मनों के छक्के छुड़ाने वाले कारगिल हीरो के नाम से जाने वाले मंडी जिले के नगवाईं निवासी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने कहा कि चलो देर से ही सही पर पाकिस्तान दुरुस्त आया है। उन्होंने कहा कि हमें पहले से ही पता था, लेकिन पाकिस्तान ने इस बात को कबूल करने में 25 सालों का समय लगा दिया। अब जाकर पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिफ मुनीर ने यह बात मानी है। कहा कि टाइगर हिल और सोनोहिल पर मिले पाकिस्तानी सैनिकों के पहचान पत्र, परिवार के खत और हथियार सभी पाकिस्तानी थे। बावजूद इसके पाकिस्तान इस बात को स्वीकार नहीं कर रहा था। कहा कि बहुत ही शर्मनाक था कि पाक ने अपने सैनिकों के शव लेने से भी मना कर दिया था और भारतीय सेना ने ही उनका अंतिम मान सम्मान किया था।
अपने कर्मों की सजा भुगत रहा पाकिस्तान : कैप्टन श्याम
कारगिल युद्ध में भाग लेने वाले जिला मंडी के थुनाग से पूर्व कैप्टन श्याम ने कहा कि पाकिस्तान आज अपनी हरकतों और आतंकवाद को बढ़ावा देने के चलते अपने कर्मों की सजा भुगत रहा है। यह देश अंदर से खोखला हो चुका है और इस देश की आवाम त्राहिमाम कर रही है। यही बात स्वागत के योग्य है कि वह मान रहे हैं कि कारगिल में उनके जवान थे।
अब भी नहीं सुधरा तो दुनिया के नक्शे से मिट जाएगा
कैप्टन हेतराम ने कहा कि कारगिल का युद्ध एक बहुत बड़ा युद्ध था। इसमें पाकिस्तान को मुहं की खानी पड़ी थी, मगर अपनी कायराना हरकतों के कारण पाक ने आज तक इस बात को झुठलाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि चाहे इतने समय बाद ही सही पर बात को पाक ने माना है, जिसका हम स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर आगे भी पाकिस्तान अपने हरकतों से बाज नहीं आता तो दुनिया के नक्शे से ही नामोनिशान मिट जायेगा।
आतंकवाद से बाज आये पाकिस्तान
इस बारे में पूर्व कैप्टन जगदीश वर्मा ने कहा कि इस बात को पहले पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने भी माना था, मगर उस समय वह पद पर आसीन न थे। यह बात ठीक है कि अब आधकारिक तौर पर आर्मी चीफ का बयान आया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सुधर जाये और जम्मू कश्मीर से आतंकवाद को खत्म करे।
असाइनमैंट फोटो: पूर्व कैप्टन जगदीश वर्मा
असाइनमैंट फोटो: पूर्व कैप्टन जगदीश वर्मा