प्रशासन और एजेंसी से निश्चित स्थान और तय समय पर गैस वितरण की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पधर (मंडी)। पधर में घरेलू गैस सिलिंडरों के सुचारू और व्यवस्थित वितरण की व्यवस्था न होने से स्थानीय उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को पधर पुलिस थाना के समीप बड़ी संख्या में ग्रामीण खाली सिलिंडर लेकर गैस वाहन का इंतजार करते नजर आए।
उपभोक्ताओं किरण चौहान, सविता चौहान, विनोद कुमार और मनोज कुमार का आरोप है कि गैस वितरण वाहन के पहुंचने पर उन्हें उम्मीद थी कि सिलिंडर थाना के पास ही वितरित किए जाएंगे। हालांकि, चालक वाहन को करीब 75 मीटर दूर मंदिर के पास ले गया और उपभोक्ताओं को वहीं पहुंचने के लिए कहा। ग्रामीणों ने जब थाना के पास वितरण न करने का कारण पूछा तो कर्मचारियों ने कथित तौर पर बताया कि एसडीएम ने वहां वाहन खड़ा करने से मना किया है। इसके बाद गैस वाहन वहां से चला गया। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस वितरण के लिए निश्चित स्थान और समय तय न होने के कारण दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन और गैस एजेंसी से मांग की है कि गैस वितरण के लिए समय और स्थान पूर्व निर्धारित किया जाए। साथ ही, यदि किसी स्थान पर वाहन खड़ा करने पर रोक है तो उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए उचित वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
वहीं, गैस एजेंसी प्रभारी सुरेश कुमार ठाकुर ने स्पष्ट किया कि पुलिस थाना के बाहर सड़क व्यस्त रहती है और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वहां वाहन खड़ा कर मार्ग अवरुद्ध नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि स्थिति को ध्यान में रखते हुए गैस वाहन को करीब 75 मीटर दूर मंदिर के पास खड़ा किया गया था, ताकि आम जनता और यातायात को किसी प्रकार की असुविधा न हो।