जोगिंद्रनगर एसडीएम कार्यालय में नगर परिषद के कर्मचारियों को दिशा-निर्देश जारी करते हुए एसडीएम।
- फोटो : Mandi
जोगिंद्रनगर (मंडी)। कूड़ा शुल्क अदा न करने वालों पर नगर परिषद ने कार्रवाई शुरू कर दी है। ऐसे उपभोक्ताओं के बिजली-पानी के कनेक्शन काटने का सर्कुलर जारी कर दिया है।
कार्यकारी अधिकारी और एसडीएम डॉ. विशाल शर्मा ने परिषद अधिकारियों को डिफाल्टरों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। शुरूआत में नगर परिषद ने 20 उपभोक्ताओं के बिजली-पानी के कनेक्शन काटने की तैयारी कर ली है। नोटिस अवधि पूरी होने पर अब कार्रवाई की जाएगी। एनजीटी एक्ट के तहत निर्धारित कूड़ा शुल्क अदा न करने वाले 27 उपभोक्ताओं को पहले नोटिस दिया था। अभी तक 20 उपभोक्ताओं ने कूड़ा शुल्क जमा नहीं करवाया है। इस पर नगर परिषद कार्रवाई करने जा रही है। परिषद की इस कार्रवाई से उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है। नप सालाना 25 लाख रुपये कूड़ा शुल्क पर खर्च की रही है।
प्रत्येक माह करीब एक लाख 83 हजार रुपये सफाई ठेकेदार को परिषद की ओर से अदा किया जाता है। कूड़ा शुल्क का प्रत्येक माह एक लाख रुपये ही परिषद को मिल रहा है। ऐसे में अब परिषद ने सख्ती करते हुए करीब डेढ़ सौ उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर शुल्क अदा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नगर परिषद जोगिंद्रनगर में आमदनी जुटाने के लिए करीब 48 दुकानें किराये पर दी हैं। यहां पर भी दुकानदारों से अदायगी बाकी है। पहले हुई बैठक में करीब 2 लाख 75 हजार रुपये किराए के लंबित हैं। इसमें एक लाख 75 हजार का किराया जमा हुआ। अब लंबित किराए की वसूली की जाएगी।
शुक्रवार को नगर परिषद की बैठक में एसडीएम ने उपभोक्ताओं पर कार्रवाई करने के निर्देश जारी दिए। एसडीएम डॉ. विशाल शर्मा ने कहा कि अधिकांश उपभोक्ताओं ने अभी तक कूड़ा शुल्क अदा नहीं किया है। नोटिस जारी करने के बाद भी लापरवाही दिखाने वालों के अब बिजली, पानी के कनेक्शन काटे जाएंगे। परिषद की दुकानों पर लंबित किराए की वसूली के लिए भी आखिरी चेतावनी दी गई है।