अधिकारी बोले, विद्युत मीटर को आधार से लिंक करने के बाद ही मिलेगा वित्तीय लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। विद्युत मंडल जोगिंद्रनगर के 61 हजार उपभोक्ताओं को 31 अक्तूबर से पूर्व अपने विद्युत मीटर आधार कार्ड से लिंक करवाकर केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। विद्युत मंडल जोगिंद्रनगर के अधिशासी अभियंता कार्यालय से जारी आदेशों के तहत लडभड़ोल, चौंतड़ा, पधर, बरोट, जोगिंद्रनगर और मकरीड़ी के उपभोक्ताओं से यह अपील की गई है। बोर्ड के इन आदेशों की अवहेलना करने वाले उपभोक्ताओं को वित्तीय लाभ से महरूम होना पड़ सकता है।
घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को भी बिजली बोर्ड के नए आदेशों के तहत अपने विद्युत मीटर आधार से लिंक करवाने होंगे। हर माह 48 से 50 लाख विद्युत यूनिटों की आपूर्ति 7 उपमंडलों में की जाती है। करीब 4.37 करोड़ रुपये का वित्तीय लाभ हासिल करने के बाद विद्युत उपभोक्ताओं को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं दी जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 125 यूनिट बिजली की सुविधा का लाभ लगातार मिल रहा है। अब विद्युत बोर्ड की नई महत्वाकांक्षी योजनाओं के तहत उपभोक्ताओं को कई प्रकार की सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए 20 से 31 अक्तूबर तक विशेष अभियान के तहत उपभोक्ताओं का ईकेवाईसी अनिवार्य किया गया है। इसके लिए प्रत्येक उपमंडल में चार से पांच विद्युत कर्मियों की तैनाती की गई है, जो उपभोक्ताओं की ईकेवाईसी करेंगे। बोर्ड के अधिशासी अभियंता पूर्ण चंद ने बताया कि बिजली बोर्ड के इन आदेशों को सभी उपभोक्ताओं को पूरा करना होगा। अन्यथा बिजली बोर्ड की अन्य सुविधाओं से भी उपभोक्ता महरूम हो जाएंगे।