सुंदरनगर (मंडी)। पुलिस ने पंजाब के दो युवकों से 61 किलो 205 ग्राम अफीम डोडा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
रविवार सुबह सुंदरनगर पुलिस की टीम ने अलसू चौक पर नाका लगाया था। इसी दौरान मंडी की तरफ से आ रही एक महिंद्रा पिकअप जीप को जांच के लिए रोका गया।
तलाशी लेने पर उसमें 61 किलो 205 ग्राम अफीम डोडा (पोस्त) बरामद किया गया। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवकों की पहचान कुलदीप सिंह निवासी जिला मोगा पंजाब तथा रामपाल निवासी तहसील जगराओं जिला लुधियाना पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि पुलिस छानबीन कर आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। संवाद