कल फिर शुरू होगी सेवा, नियमित रखरखाव और तकनीकी निरीक्षण के चलते लिया निर्णय
श्रद्धालुओं से यात्रा की योजना बदलने का किया आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। पंडोह स्थित प्रसिद्ध माता बगलामुखी मंदिर तक जाने वाला रोपवे 3 अगस्त को पूरे दिन बंद रहेगा। रोपवे संचालन कंपनी स्की हिमालयाज ने नियमित रखरखाव और तकनीकी निरीक्षण के चलते यह निर्णय लिया है। 4 अगस्त सुबह से सेवा फिर सामान्य रूप से शुरू होगी।
कंपनी के अनुसार विशेषज्ञ इंजीनियरों की टीम रोपवे के मुख्य केबल, मशीनरी, पुली सिस्टम, ब्रेकिंग सिस्टम, कंट्रोल यूनिट और सुरक्षा उपकरणों का विस्तृत निरीक्षण करेगी। जांच के दौरान यदि कोई तकनीकी कमी या घिसावट मिलती है तो उसे तुरंत दूर किया जाएगा, ताकि रोपवे का संचालन सुरक्षित बना रहे।
पंडोह के कैंची मोड़ से माता बगलामुखी मंदिर तक पहुंचने का यह प्रमुख साधन है, जिसका उपयोग प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालु करते हैं। कंपनी प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से 3 अगस्त को रोपवे बंद रहने की जानकारी को ध्यान में रखकर यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।
कोट्स
रोपवे की सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नियमित रखरखाव किया जा रहा है। निर्धारित निरीक्षण के बाद 4 अगस्त से रोपवे सेवा पुनः सुचारु रूप से शुरू कर दी जाएगी। -अमित कुमार, उप महाप्रबंधक, आरटीडीसी