देश भक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों में पहाड़ी कार्यक्रम भी होंगे शामिल : रेवती सैनी
जिला भाषा अधिकारी ने कार्यक्रम निरीक्षण में 7 में से 5 संस्थानों का किया चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। मंडी के सेरी मंच पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभागीय निरीक्षण के बाद चयनित सांस्कृतिक दलों को ही प्रस्तुति का अवसर मिलेगा। जिला भाषा अधिकारी मंडी रेवती सैनी ने वीरवार को विभिन्न शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थानों में पहुंचकर प्रस्तुतियों का निरीक्षण किया।
उन्होंने राजकीय महाविद्यालय मंडी, नर्सिंग स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह, बाल स्कूल और डाइट मंडी समेत अन्य दलों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। सात में से पांच सांस्कृतिक संस्थानों व दलों का चयन किया गया।
रेवती सैनी ने बताया कि समारोह में देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के साथ लोक संस्कृति और पहाड़ी गीत-नृत्य को प्राथमिकता दी गई है। बलिदानियों को समर्पित नाटक, देशभक्ति गीत, हिमाचली नाटी और पहाड़ी लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। कलाकारों के ड्रेस कोड, समयबद्धता और प्रस्तुतियों के तालमेल पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। गुणवत्तापूर्ण और अनुशासित प्रस्तुतियों को ही समारोह के मंच पर स्थान दिया जाएगा।