टिहरा (मंडी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सज्याओपिपलू में चिकित्सक न होने से फार्मासिस्ट ही लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवा रहा है। सरकार की ओर से स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बना दिया है, लेकिन यहां स्वास्थ्य उप केंद्र के समान भी सुविधाएं नहीं हैं। छह महीने से एकमात्र फार्मासिस्ट स्वास्थ्य केंद्र का जिम्मा संभाले हुए हैं।
स्वास्थ्य केंद्र से सज्याओपिपलू पंचायत एवं आसपास के करीब 15 हजार लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिलता है। जब भी मरीज उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचते हैं तो निराश होकर उन्हें सरकाघाट, मंडी, नेरचौक और हमीरपुर जाना पड़ता है। इससे लोगों को समय पर उपचार नहीं मिलता। हादसों में गंभीर रूप से घायल मरीजों को तीमारदार सुविधा न मिलने पर यहां से बड़े अस्पतालों में ले जाते हैं लेकिन समय पर उपचार न मिलने से मरीज रास्तों में ही दम तोड़ रहे हैं।
क्षेत्र के सुनील कुमार, सुरेश कुमार, हेमराज, सरिता देवी, नीलम कुमारी, विमला देवी आदि का कहना है कि सरकार और विभाग के बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं देने के वादे खोखले साबित हो रहे हैं। लोगों ने सरकार से मांग की है कि स्वास्थ्य केंद्र में बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाई जाएं। चिकित्सक की शीघ्र तैनाती नहीं की गई तो पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
.........
चिकित्सकों और अन्य कर्मचारियों के खाली पदों के संदर्भ में आला अधिकारियों को समय-समय पर सूचित करवाया जाता है। विभागीय स्वीकृति के बाद ही इन पदों को भरा जाएगा।
-डॉ. धर्मपाल, बीएमओ संधोल
000