जिले के 20 कॉलेजों में हजारों विद्यार्थियों ने जमा नहीं करवाई है दाखिला फीस
कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों से 72 घंटे के भीतर फीस जमा करवाने का किया आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की यूजी की पढ़ाई के लिए कॉलेज में पंजीकृत विद्यार्थियों को शुक्रवार 19 जुलाई को हर हाल में फीस जमा करवाने के आदेश कॉलेज प्रशासन की ओर से जारी कर दिए गए हैं। मंडी जिले के 20 कॉलेजों के हजारों विद्यार्थियों ने अभी तक ऑनलाइन फीस जमा नहीं करवाई है। ऐसे में विद्यार्थियों के ऑनलाइन दाखिले को भी स्वीकार नहीं किया जाएगा।
लडभड़ोल, जोगिंद्रनगर, मुल्थान, सुंदरनगर, सरकाघाट, पधर कॉलेजों में ऑनलाइन दाखिले के विद्यार्थियों को शुक्रवार देर रात 12 बजे तक ऑनलाइन फीस जमा करवाने की आखिरी मोहलत दी गई है। बीए, बीएससी, बीकॉम के विभिन्न संकायों के करीब 1400 विद्यार्थियों ने अभी तक ऑनलाइन फीस जमा नहीं करवाई है। ऐसे में इन विद्यार्थियों के ऑनलाइन दाखिले स्वीकार नहीं किए जाएंगे। शुक्रवार तक ऑनलाइन फीस जमा करवाने का आह्वान कॉलेज प्रशासन ने किया है। इसके बाद विश्वविद्यालय के उच्चाधिकारियों के दिशा निर्देशों के बाद ही आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पीजीडीसीए के लिए एक विद्यार्थी ने करवाया पंजीकरण
राजीव गांधी कॉलेज जोगिंद्रनगर में पहली बार नए सत्र में पीजीडीसीए के दाखिले को लेकर महज एक विद्यार्थी ने ही दिलचस्पी दिखाते हुए ऑनलाइन पंजीकरण करवाया है, जबकि इसके लिए आरक्षित 30 सीटें तय की गई है। वहीं, बीबीए की पढ़ाई को लेकर भी विद्यार्थियों का उत्साह इस बार नहीं देखने को मिला है। आरक्षित 40 सीटों में से महज 14 विद्यार्थियों के ही दाखिले हो पाए। बीसीए की पढ़ाई की बात करें तो इसके लिए आरक्षित 80 सीटों में से 75 विद्यार्थियों का ऑनलाइन पंजीकरण हुआ है। कुल दाखिलों की बात करें तो बीए, बीएसी और बीकॉम के करीब 600 विद्यार्थियों ने स्थानीय कॉलेज में दाखिला लिया। वहीं द्वितीय और तृतीय समेस्टर के कुल 900 विद्यार्थी ही दाखिला प्रक्रिया में शामिल हुए हैं। जोगिंद्रनगर कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सुनीता सिंह ने बताया कि पीजीडीसीए के दाखिले को लेकर एसपीओ के भी कुछ दिशा निर्देश जारी हुए हैं। उसी की अधिसूचना जारी होने के बाद दाखिले की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की कवायद शुरू होगी।