परिचालक से मारपीट के बाद एचआरटीसी कर्मचारियों में रोष
मांग पूरी नहीं हुई तो करेंगे चक्का जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर बस स्टैंड परिसर में अवैध ऑटो-टैक्सी पार्किंग और एचआरटीसी परिचालक से मारपीट की घटना को लेकर निगम कर्मचारियों में रोष है। चालक और परिचालक यूनियन ने मंगलवार को एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी को ज्ञापन सौंपकर बस स्टैंड परिसर से अवैध पार्किंग हटाने की मांग की है। यूनियन ने प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए मांग पूरी न होने पर चक्का जाम की चेतावनी दी है।
ड्राइवर यूनियन के प्रधान हेम सिंह ठाकुर और कंडक्टर यूनियन के प्रदेश संयुक्त सचिव ओम प्रकाश ने आरोप लगाया कि ऑटो चालक आए दिन एचआरटीसी कर्मचारियों के साथ बदसलूकी और धमकियां देते हैं। बस स्टैंड के प्रवेश और निकास द्वार पर ऑटो और टैक्सियां खड़ी रहने से बसों की आवाजाही बाधित होती है। इससे जाम के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।
यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार प्रदेश के 31 एचआरटीसी डिपो में बस स्टैंड परिसर के भीतर ऑटो-टैक्सी पार्किंग की अनुमति नहीं है। सुंदरनगर में भी जल शक्ति विभाग कार्यालय के सामने बीबीएमबी की ओर से बस स्टैंड से करीब 20 मीटर दूर पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है। इसके बावजूद वाहन परिसर में खड़े किए जा रहे हैं। यूनियन ने चेतावनी दी है कि एक सप्ताह में अवैध पार्किंग नहीं हटाई गई तो चालक और परिचालक संयुक्त रूप से आंदोलन और चक्का जाम करेंगे।