मंडी। जिला में पर्सनल व्हीकल को टैक्सी बनाकर यात्री ढोने वाले वाहन चालकों पर विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। निजी और सरकारी बसों में बिना वर्दी ड्यूटी दे रहे चालक व परिचालकों पर भी गाज गिरी है। यातायात विभाग मंडी ने अगस्त माह में 15 दिनों के भीतर ही 150 से अधिक चालान कर यातायात नियमों की अवहेलना करने एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना ठोका है। विभाग ने कुल 1 लाख 10 हजार रुपये जुर्माना ठोका है।
यातायात विभाग मंडी ने सरकाघाट, धर्मपुर, पधर, सुंदरनगर सहित अन्य कई स्थानों पर अभियान चलाकर चालान काटे हैं। विभागीय अधिकारियों ने बिना वर्दी, निजी वाहनों को टैक्सी बना यात्री ढोने वाले चालकों, ओवर स्पीड, बसों में साउंड सिस्टम बजाने, बिना सेफ्टी बेल्ट के गाड़ी चलाने व ओवरलोडिंग करने पर चालान काटे गए हैं। जिले के सरकाघाट में सबसे अधिक चालान काटे गए हैं। यहां पर निजी वाहनों को टैक्सी के रूप में चलाकर सरकार को टैक्स न चुका कर चूना लगाया जा रहा है। इसके अलावा टैक्सी यूनियनों से मिल रही शिकायतों पर विभाग ने कार्रवाई अमल में लाई है।
जिलाभर में चलता रहेगा अभियान
विभाग ने जिलाभर में यातायात नियमों की अवहेलना पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाने का अभियान चलाया है। विभाग ने बस चालकों व वाहन चालकों को निजी वाहनों में यात्री न ढोने, ओवरलोडिंग न करने, बिना वर्दी बसें न चलाने, साउंड सिस्टम न बजाने, सेफ्टी बेल्ट का इस्तेमाल करने की हिदायत दी है।
कोट्स
यातायात नियमों की अवहेलना हरगिज बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग का अभियान आगे भी इसी तरह से जारी रहेगा। सरकार को टैक्स न चुकाने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
..डा. मुरारी लाल आरटीओ मंडी