मंडी में प्रधानमंत्री मोदी की रैली को लेकर पड्डल ग्राउंड का जायजा लेते केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा।
- फोटो : अमर उजाला
मंडी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में छोटी काशी मंडी के सभी मंदिरों को फूलमालाओं और रंग बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा। इसके लिए भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके अलावा शहर के मंदिरों में 18 अक्तूबर को हवन-यज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
मंडी शहर के लोगों को रैली में शामिल होने के लिए भाजपा घर-घर जाकर निमंत्रण देगी। भाजपा शहर के सभी मंदिरों को 17 अक्तूबर की रात को चकाचक करेगी। जिस प्रकार नरेंद्र मोदी के स्वागत में काशी में पहली बार पूरा शहर जगमगा उठा था, उसी तर्ज पर मंडी में भी भाजपा प्रधानमंत्री के स्वागत करने की तैयारियों में जुटी है। हालांकि मंडी में प्रधानमंत्री दिन में आएंगे। लेकिन, भाजपा उससे पूर्व रात्रि को शहर के सभी मंदिरों को फूलमालाओं और लाइटों से सजाएगी। जिसका जिम्मा सदर भाजपा को सौंपा गया। इसके लिए सभी 13 वार्डों में कार्यकर्ताओं को जिम्मावारी सौंपी गई है।
सदर भाजपा मंडल को पीएम की रैली में 20 हजार लोगों को शामिल करने का दायित्व सौंपा गया है। मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं रैली के प्रभारी राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि छोटी काशी के लोगों के लिए सौभाग्य की बात है कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार हिमाचल आ रहे हैं और वह अवसर भी मंडी को मिला है। उन्होंने कहा कि वाराणसी (काशी) में जिस प्रकार नरेंद्र मोदी के स्वागत में पूरा शहर जगमगाया था, उसी प्रकार छोटी काशी के मंदिरों को भी सजाया जाएगा।