नवरात्र में भी नहीं लौटी रौनक, फोरलेन निर्माण के बाद पूरी तरह से कट गया है हणोगी माता का मंदिर
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। द्रंग विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाला हणोगी माता का मंदिर नवरात्र में भी सूना पड़ा हुआ है। बीते वर्ष फोरलेन निर्माण के बाद से हणोगी माता का मंदिर यातायात से कुछ इस तरह कटा कि अब दिनभर में इक्का-दुक्का लोग ही यहां पहुंच पा रहे हैं।
फोरलेन निर्माण से पहले मंदिर के प्रांगण से ही सारा यातायात गुजरता था। इस दौरान हर कोई यहां रुकता था। हर व्यक्ति यहां मां के दरबार में शीश नवाकर ही आगे जाता था। मंदिर तक लोगों के न पहुंच पाने का मुख्य कारण यहां से होकर गुजरने वाले पुराने हाइवे का क्षतिग्रस्त होना भी है।
मंदिर के पुजारी आचार्य विवेक शर्मा ने बताया कि पुराना हाईवे दवाड़ा के पास क्षतिग्रस्त है। यदि इस हाईवे को बहाल कर दिया जाए तो फिर लोगों का यहां से आना-जाना शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि लोगों की आवाजाही बंद होने से मंदिर की आय में 95 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई है। मंदिर न्यास की तरफ से कुछ सेवा कार्य चलाए जा रहे हैं, उन्हें सुचारु रखने में काफी ज्यादा दिक्कतें पेश आ रही हैं। वहीं, मंदिर के पास कैंटीन चलाने वाले चमन ठाकुर ने बताया कि उनका कारोबार अब पूरी तरह से ठप हो गया है।
उधर, द्रंग विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक जवाहर ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार को चाहिए कि हणोगी माता मंदिर से होकर गुजरने वाले पुराने हाईवे को तुरंत प्रभाव से यातायात के लिए बहाल किया जाए। इस हाईवे के बंद होने से क्षेत्र की कुछ पंचायतों के लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बॉक्स
मंदिर में 10 को होगा जागरण, 11 को होगा भंडारा
मंदिर के पुजारी आचार्य विवेक शर्मा ने बताया कि हणोगी माता मंदिर में नवरात्रों के उपलक्ष पर 47वें विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इसी उपलक्ष पर 10 अक्तूबर वीरवार रात्रि को जागरण का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें कई नामी कलाकार आकर मां की महिमा का बखान करेंगे। इसके अलावा 11 अक्तूबर को पूर्णाहुति के साथ नवरात्रों का समापन होगा। इसके उपरांत भंडारे के माध्यम से प्रसाद बांटा जाएगा।