बालीचौकी (मंडी)। औट-लुहरी मार्ग पर हुए हादसे के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मार्ग का निरीक्षण किया और गति अवरोधक लगाने के लिए स्थान चिह्नित किए। बुधवार को सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता बालीचौकी ने जीरो प्वांइट पर पहुंच कर लोगों के साथ स्पीड ब्रेकर लगाने के लिए सड़क का निरीक्षण किया।
इस दौरान बालीचौकी जीरो प्वाइंट में एक स्पीड ब्रेकर लगाने के लिए स्थान चिह्नित किया। यहीं पर मंगलवार को एक हादसे में एक मासूम बच्ची की जान चली गई थी। घटना स्थल से करीब 200 मीटर पीछे और 100 मीटर आगे भी एक-एक स्पीड ब्रेकर लगाए जाएंगे। स्थानीय लोगों में अजय कुमार, हेम राज, मनसा देवी, रूप लाल आदि ने कहा कि बालीचौकी बाजार और जीरो प्वाइंट चौक पर लंबे समय से स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग कर रहे थे। इसी बीच अब हादसा पेश आया तो अधिकारी जागे और मौके पर पहुंचे। यदि विभाग ने समय रहते स्पीड ब्रेकर लगाए होते तो शायद मासूम की जान नहीं जाती।
उधर, राष्ट्रीय राजमार्ग 305 के सहायक अभियंता टहल सिंह ने बताया कि मौके पर कनिष्ठ अभियंता को भेजा था और उनसे रिपोर्ट मांगी है। बालीचौकी के जीराे प्वाइंट में लोगों के हिसाब से स्पीड अवरोधक लगाए जाएंगें, ताकि भविष्य में किसी तरह की अनहोनी न हो।