मंडी। मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह को मंडी में सीपीआई, सीपीआईएम और आम आदमी पार्टी का समर्थन मिल गया है। इसका ऐलान तीनों पार्टियों के नेताओं ने गांधी भवन मंडी में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान किया। इंडिया गठबंधन के बैनर तले तीनों दलों के नेताओं ने संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र की मोदी सरकार को भी जमकर घेरा।
मंडी जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष शशि शर्मा, सीपीआईएम राज्य सचिवालय सदस्य कुशाल ठाकुर, आप प्रदेश उपाध्यक्ष शेर सिंह और सीटू नेता भूपेंद्र सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व इनकी टीम आज शक्तियों का दुरुपयोग कर जनता द्वारा चुनी हुईं सरकारों को गिराने के काम में लगी हुई हैं। तानाशाही तरीके से विपक्षी दलों के नेताओं को प्रताड़ित करने का मोदी सरकार का रवैया अब ज्यादा दिन तक चलने वाला नहीं है।