मंडी। जून 2024 की वार्षिक परीक्षा में तीन से ज्यादा सप्लीमेंट्री को दिसंबर में उत्तीर्ण करने वाले सरदार पटेल यूनिवर्सिटी के 211 विद्यार्थियों को अप्रैल में द्वितीय वर्ष की परीक्षा से वंचित करने पर एनएसयूआई कार्यकर्ता शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से शिमला में मिले। एनएसयूआई की प्रदेश महासचिव नेहा शर्मा की अध्यक्षता में मिले प्रतिनिधिमंडल ने एसपीयू मामले में शिक्षा मंत्री से हस्तक्षेप की मांग की। नेहा शर्मा ने बताया कि शिक्षा मंत्री ने आश्वासन दिया है कि वह मामले को गंभीरता से लेंगे और जल्द कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने कहा कि वह छात्रों के हितों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बता दें कि वीरवार को प्रदर्शन कर एनएसयूआई ने आरोप लगाया था कि पिछले साल जिन विद्यार्थियों ने फर्स्ट ईयर के पेपर दिए थे और तीन विषयों में फेल थे, तब विवि ने उन्हें सप्लीमेंट्री का मौका दिया था। अब विद्यार्थी पास हो गए और अब सेकंड ईयर के पेपर भर रहे हैं तो विवि प्रशासन फर्स्ट ईयर में बैठा रहा है। इस पर शुक्रवार को एसपीयू अकादमिक परिषद ने बैठक कर निर्णय लिया है कि दिसंबर में तीन या तीन से अधिक विषय की सप्लीमेट्री परीक्षा पास करने वाले प्रथम वर्ष के विद्यार्थी अप्रैल में परीक्षा के बाद ही द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर सकेंगे। संवाद