बालीचौकी (मंडी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बालीचौकी और गाड़ागुसैणी में मेडिकल प्रमाण पत्र का शुल्क दोगुना कर दिया है। अब 100 की जगह 200 रुपये शुल्क लिया जाएगा। शनिवार को एसडीएम बालीचौकी देवी राम की अध्यक्षता में हुई रोगी कल्याण समिति की बैठक में दोनों अस्पतातों में विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। बजट भी पास किया गया। बैठक में सीएचसी बालीचौकी में सफाई, झाड़ू लगाने और स्वच्छता कार्य के लिए नियुक्त सफाई कर्मचारियों का अनुबंध नवीनीकृत किया गया।
बैठक में अस्पताल में फर्नीचर की खरीद के लिए अनुमोदन, सीएचसी बालीचौकी के लिए व्हील चेयर, स्ट्रेचर और डस्टबिन की खरीद को मंजूरी, अस्पताल प्रवेश पर मुख्य द्वार की स्थापना के लिए अनुमोदन किया गया। अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगाने की मंजूरी, सीएचसी बालीचौकी के लिए कंप्यूटर सिस्टम खरीदने की मंजूरी दी गई।
सीएचसी बालीचौकी के लिए 40 कुर्सियां खरीदने की मंजूरी दी गई। दंत ओपीडी शुल्क पर चर्चा कर इसका अनुमोदन किया गया। अब दांत निकलवाने पर 20 के बजाय 50 रुपये चुकाने पड़ेंगे। आरसीटी 100 के बजाय 200 रुपये में होगा। स्केलिंग के लिए 120 नहीं अब 150 रुपये देने होंगे। इससे पहले बैठक में बीएमओ जंजैहली पुष्प राज ने एसडीएम के समक्ष पूर्व 2022-23 और 2024-25 के आय व्यय को रखा। इस अवसर पर सामुदायिक अस्पताल बालीचौकी डाॅ. सतीश ठाकुर, गाड़ागुसैणी अस्पताल प्रभारी डाॅ. अमर सिंह, संजीव शर्मा और जोगिंद्र शर्मा सहित अन्य लोगों ने हिस्सा लिया।
...
बालीचौकी और गाड़ागुसैणी सामुदायिक केंद्र में जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए प्रशासन गंभीर है। चिकित्सकों के खाली पदों और अन्य मांगों को लेकर उच्चाधिकारियों को पत्र लिखे गए हैं। जिला मंडी और कुल्लू क्षेत्र के लोगों का केंद्र बिंदु होने के कारण बालीचौकी में अच्छी स्वास्थ्य सुविधा होना जरूरी है।
-देवी राम, बालीचौकी, एसडीएम
000