संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। दो हजार के नोटों के बैंक में जमा होने के आदेश जारी होते ही इन नोटों का प्रचलन बढ़ गया है। सब्जी, चाय के लिए भी दो हजार के नोट दिए जा रहे हैं।
परिवहन निगम की बसों में भी किराये के लिए गुलाबी नोट देखने को मिल रहे हैं। सबसे बड़ी हैरत टी स्टॉल में भी देखने को मिल रही है। यहां पर दस रुपये के चाय के कप के लिए भी ग्राहक दो हजार के नोट दुकानदारों को दे रहे हैं।
जोगिंद्रनगर के मुख्य बाजार, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन और लक्ष्मी बाजार में कई दुकानों में दो हजार के नोटों के साथ ग्राहक खरीदारी करते हुए देखे गए।
बस डिपो जोगिंद्रनगर की 80 के करीब लोकल और अंतराराज्जीय रूटों पर चल रही बसों से अनुमानित पांच लाख रुपये का कैश प्राप्त हो रहा है। इसमें दो हजार के नोटों की संख्या भी बढ़ी है। उपमंडल में बैंकों की शाखाओं में दो हजार के डेढ़ करोड़ का नोट आ चुके हैं। पंजाब नेशनल बैंक शाखा जोगिंद्रनगर के अधिकारी जिंदू राम ने बताया कि बीते तीन दिन में 70 लाख रुपये का कैश जमा हुआ है। एसबीआई के प्रबंधक कैलाश चंद्र ने बताया कि तीन दिन में 20 लाख का कैश दो हजार के नोटों से जमा हुआ है। यूको बैंक के प्रबंधक संदीप कुमार ने दस लाख, एचडीएफसी बैंक के प्रबंधक जयपाल ने पांच लाख के दो हजार के नोट बैंक में जमा होने की पुष्टि की है।