नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर की डायलिसिस यूनिट में उपचार के लिए भर्ती मरीज। -संवाद
जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल जोगिंद्रनकर के किडनी के मरीजों को अब इलाज के लिए कांगड़ा और मंडी के अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में किडनी मरीजों के लिए डायलिसिस की सुविधा के लिए शिफ्ट भी बढ़ा दी गई है। इससे उन्हें घर के नजदीक ही चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।
जोगिंद्रनगर अस्पताल के डायलिसिस यूनिट में अब नए मरीजों को शाम 7:00 बजे तक उपचार की सुविधा मिल सकेगी। हंस फाउंडेशन द्वारा स्थापित डायलिसिस प्लांट में अब अतिरिक्त शिफ्ट का संचालन शुरू कर दिया गया है। इस बदलाव के साथ नए किडनी मरीजों को अब चार बजे से सात बजे के बीच डायलिसिस सुविधा का लाभ मिलेगा।
इस सुविधा से अब 20 किडनी मरीजों को डायलिसिस की आवश्यकता पूरी होगी, जबकि पहले केवल 14 मरीजों को ही उपचार मिल पा रहा था। इसके अलावा गंभीर मरीजों को सप्ताह में दो से तीन बार डायलिसिस के लिए बुलाया जाता था। अब छह नए मरीजों को भी डायलिसिस सुविधा का लाभ मिलना शुरू हो गया है।
डायलिसिस यूनिट के प्रभारी डॉ. शिवम ने बताया कि प्रत्येक डायलिसिस में चार घंटे का समय लगता है। तीन चरणों में पांच से छह मरीजों का ही डायलिसिस संभव हो पा रहा था। मगर अब शिफ्ट के विस्तार से और मरीजों को इलाज का लाभ मिल सकेगा।
उधर, जोगिंद्रनगर अस्पताल के एसएमओ डॉ. रोशन लाल कौंडल ने कहा कि इस नई व्यवस्था से मरीजों को न केवल राहत मिलेगी, बल्कि डायलिसिस के खर्चे में भी कमी आएगी। मरीजों को बेहतर सुविधा मुहैया करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।