14 लाख की वसूली को लेकर प्रशासन ने लिया संज्ञान
लघु शिवरात्रि देवता मेले की वसूली पर मेला समिति सख्त
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। राज्य स्तरीय जोगिंद्रनगर देवता मेले के डिफाल्टरों पर शिकंजा कसते हुए स्थानीय प्रशासन ने नोटिस जारी कर कड़ा संज्ञान ले लिया है। करीब 14 लाख की वसूली डिफाल्टरों से की जानी है। इस पर स्थानीय मेला समिति ने भी सख्त रुख अपनाते हुए कानूनी प्रावधान के तहत आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई है।
बीते साल राज्य स्तरीय देवता मेले में डोम और प्लाटों की नीलामी के दौरान निर्धारित धनराशि में डिफाल्टरों ने अनुमानित 14 लाख का भुगतान नहीं किया था। नीलामी में शामिल दो ठेकेदारों ने मेले में बारिश से हुए नुकसान का हवाला देते हुए लाखों की धनराशि दबा ली थी। इस पर तत्कालीन मेला समिति व प्रशासन की ढीली कार्रवाई के चलते यह भुगतान करीब एक साल से लंबित पड़ा हुआ था, लेकिन मौजूदा एसडीएम मनीश चौधरी ने मेला समिति की पहली और दूसरी बैठक में लाखों के बकाया भुगतान पर चर्चा कर इसे रिकवर करने का आश्वासन दिया था। उस पर कार्रवाई करते हुए पहले चरण में नोटिस जारी किए गए हैं। इसके बावजूद अगर डिफाल्टर भुगतान नहीं करते हैं तो कानूनी प्रावधानों के तहत स्थानीय प्रशासन आवश्यक कार्रवाई अमल में लाएगा। राज्य स्तरीय देवता मेले में कारोबार की आड़ में धोखाधड़ी करने वाले ऐसे डिफाल्टरों पर प्रदेश भर में आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के लिए उन्होंने प्रदेशभर के प्रशासनिक अधिकारियों से भी पत्राचार किया है।
राज्य स्तरीय जोगिंद्रनगर देवता मेले में लंबित लाखों की धनराशि को वसूलने के लिए मेला प्रशासन ने डिफाल्टर ठेकेदारों को नोटिस जारी कर जल्द भुगतान करने का अल्टीमेटम दिया है। आदेश की अवहेलना पर कानूनी प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मनीश चौधरी, एसडीएम जोगिंद्रनगर।