बग्गी में नहर में बहे व्यक्ति और युवती की तलाश में जुटी एनडीआरएफ की टीम। संवाद
सुंदरनगर (मंडी)। धनोटू पुलिस थाना के तहत बग्गी में शनिवार को नहर में बही युवती और एक व्यक्ति की तलाश में एनडीआरएफ की टीम ने अनेक स्थानों पर तलाशी ली, लेकिन दोनों का कोई भी सुराग न मिल पाया है। देर शाम तक सुराग न मिलने पर अभियान को रोक दिया गया है। अब रविवार को एक बार फिर टीम नहर में सर्च अभियान चलाएगी।
गौरतलब है कि शनिवार को बग्गी में युवक और युवती नहर में कूद गए थे। इस दौरान मौका पर पहुंचे युवक के पिता ने दोनों को बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। युवक और युवती को नहर में डूबते देख स्थानीय लोगों ने भी कूद कर उन्हें बचाने का प्रयास किया। इस दौरान युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मगर युवती और युवक का पिता नहर के तेज प्रभाव में बह गए थे, जिनकी तलाश के लिए शनिवार को प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीम को मौका पर बुलाया था।
एनडीआरएफ की टीम ने शनिवार को नहर में अनेक बार डूबकी लगाकर दोनों को तलाशने की कोशिश की, परंतु देर शाम तक नहर में बहे व्यक्ति तथा युवती का कोई भी सुराग न लग पाया है। इसके कारण शनिवार शाम को तलाशी अभियान को विराम दे दिया गया। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि एनडीआरएफ की टीम रविवार को एक बार फिर से नहर में बहे व्यक्ति तथा युवती की तलाश के लिए अभियान चलाएगी।